जांजगीर-चांपा। Three-tier Panchayat General Election 2025 : त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के पहले चरण का मतदान आज 53 विकासखंडों में शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। इस चुनाव में 27,210 पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्य चुनने के लिए मतदान हो रहा है।
निर्वाचन प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाने के लिए मतपत्रों को विभिन्न रंगों में विभाजित किया गया है—जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी, जनपद पंचायत सदस्य के लिए पीला, सरपंच के लिए नीला और पंच के लिए सफेद रंग के बेल्ट पेपर रखे गए हैं।
मतदान को लेकर खासतौर पर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाते हुए युवा मतदाता मनीषा नायक ने कहा, **”मेरा वोट गांव के विकास के लिए है!”** उनके साथ कई अन्य युवाओं ने भी पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए खुशी जाहिर की।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सके। निर्वाचन आयोग के अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। पहले चरण के मतदान के बाद आगामी दो चरणों में शेष पंचायतों में चुनाव संपन्न कराया जाएगा।