राजिम।Rajim Kumbh Kalp : वैष्णव किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर सौम्या सखी पहली बार राजिम कुंभ कल्प मेले में पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि वे संत समागम समिति और अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण समाज के बैनर तले इस पावन मेले में आई हैं। सौम्या सखी को इसी वर्ष कुंभ में श्री श्री 108 साध्वी और महामंडलेश्वर की उपाधि प्राप्त हुई है।
उन्होंने जानकारी दी कि उन्होंने गुरु हिमानीगिरी से दीक्षा लेकर संन्यास ग्रहण किया है और वर्तमान में छत्तीसगढ़ की प्रभारी हैं। सौम्या सखी ने बताया कि सुरेश्वर महाराज उनके पिता तुल्य हैं और उनके दिशा-निर्देश में वे धार्मिक कार्यों और अनुष्ठानों का संचालन करती हैं। उनका उद्देश्य सनातन धर्म को आगे बढ़ाना और इसकी रक्षा करना है।
महामंडलेश्वर सौम्या सखी ने यह भी कहा कि वे धर्म की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहेंगी और धर्म के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेंगी। राजिम कुंभ कल्प मेले में उनकी उपस्थिति धार्मिक संगठनों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखती है।