धमतरी। Mahashivratri festival : महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर धमतरी शहर में भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात धूमधाम से निकाली गई। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी किले के बुढेश्वर महादेव मंदिर, ईतवारी बाजार में पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन किया गया।
22 फरवरी को हल्दी, 23 फरवरी को मेंहदी, और 24 फरवरी को मंगल गीत के आयोजन के साथ महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। वहीं, 25 फरवरी की सुबह 5 बजे से 26 फरवरी की सुबह 5 बजे तक 24 घंटे का जल अभिषेक बोल बम कांवड़िया संघ के द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में, ओ.एम.जी. ग्रुप धमतरी द्वारा गौशाला मैदान में प्रसादी भंडारे का आयोजन भी किया गया।
आज मंगलवार को शाम 5 बजे भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें विभिन्न प्रकार की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इस शोभायात्रा में शहर के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और पूरे भक्ति भाव से भगवान शिव के बारात में शामिल होकर उनकी आराधना की।
शिवजी की यह बारात विन्ध्यवासिनी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बुढेश्वर महादेव मंदिर, ईतवारी बाजार में संपन्न हुई। पूरे शहर में भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला, और श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर धमतरी में भक्तों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।