रायपुर। CG NEWS : ग्रीन आर्मी संस्था द्वारा आज वृंदावन हाल, सिविल लाइन, रायपुर में प्लास्टिक प्रदूषण और उसके समाधान पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पर्यावरणविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और आम नागरिकों सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने जानकारी दी कि बैठक में प्लास्टिक प्रदूषण की गंभीरता पर चर्चा हुई और इससे निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर विचार किया गया। ग्रीन आर्मी संस्था ने प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने, पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने और जन-जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत पर बल दिया।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
1. 250 सामुदायिक भवनों को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त किया जाएगा।
2. शहर के प्रमुख 125 होटल और कैटर्स को “नो सिंगल यूज प्लास्टिक” अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा।
3. प्लास्टिक की सप्लाई रोकने के लिए स्थानीय, राज्य और केंद्र सरकार से कठोर कदम उठाने की मांग की गई।
4. 125 स्कूलों और 25 कॉलेजों को अभियान से जोड़ते हुए 1.25 लाख विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
5. छत्तीसगढ़ के 36 प्रमुख समाजों के साथ सहभागिता अनुबंध कर उनके समुदायों में प्लास्टिक प्रतिबंधित किया जाएगा।
6. शहर के 25 बाजारों में व्यापारियों को जोड़कर झोला विक्रय प्रारंभ किया जाएगा।
7. नगर निगम जोन में 10 बर्तन बैंक न्यूनतम शुल्क पर संचालित किए जाएंगे।
8. 25 हाउसिंग सोसाइटी में प्लास्टिक प्रतिबंधित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
9. पानी की प्लास्टिक बोतलों के विकल्प के रूप में तांबे के लोटे के जल को बढ़ावा दिया जाएगा।
10. धार्मिक स्थलों, मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में प्लास्टिक प्रतिबंधित करने पर बल दिया गया।
11. प्रत्येक माह की 11वीं और 5वीं तारीख को “नो प्लास्टिक डे” घोषित** कर 20 लाख लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया गया।
संस्था के प्रमुख वक्ताओं के विचार
ग्रीन आर्मी संस्था के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ ने कहा, “प्लास्टिक प्रदूषण हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा है। हमें मिलकर इसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।” रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा ने प्लास्टिक के सही निपटान और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में दिशा कॉलेज कोटा, न्यूटेक पब्लिक स्कूल गुढ़ियारी और प्रांजल पब्लिक स्कूल बोरियाखुर्द ने सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति हेतु सहभागिता अनुबंध किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन ग्रीन विंग अध्यक्षा निधि अग्रवाल ने किया। मंच पर आशीष शर्मा, मोनिका, भारती श्रीवास्तव और विनीत शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में शामिल सभी प्रतिभागियों ने ग्रीन आर्मी संस्था के प्रयासों की सराहना की और प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।