नई दिल्ली। New Delhi : दिल्ली के महिपालपुर क्षेत्र में एक ब्रिटिश महिला के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। पीड़िता की सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक से मित्रता हुई थी, जिसके बाद वह भारत उससे मिलने आई। उसने महिपालपुर के एक होटल में कमरा बुक किया था, जहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता मदद के लिए होटल के रिसेप्शन पर पहुंची, तो एक अन्य युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ब्रिटेन की निवासी है। उसने शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया पर उसकी एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय तक ऑनलाइन संपर्क रहा, जिसके बाद युवती ने भारत आने और युवक से मिलने का फैसला किया। मंगलवार को जब वे दोनों होटल पहुंचे, तो शुरुआत में सब कुछ सामान्य था। लेकिन कुछ समय बाद युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ, लेकिन आरोपी ने जबरन दुष्कर्म किया।
मदद के बहाने की गई छेड़छाड़
दुष्कर्म के बाद पीड़िता ने शोर मचाया और किसी तरह होटल के रिसेप्शन तक पहुंची। इसी दौरान, एक अन्य युवक ने उसकी मदद करने का बहाना बनाया और उसे वापस कमरे में ले जाने का प्रयास किया। लेकिन इस दौरान उसने भी पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को दुष्कर्म और दूसरे आरोपी को छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी पीड़िता से संवाद करने के लिए गूगल ट्रांसलेट का इस्तेमाल कर रहा था।
इस मामले की जानकारी ब्रिटिश हाई कमीशन को भी दी गई है। फिलहाल, दिल्ली पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।