रायपुर। CG NEWS : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मार्च को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगी। अपने दौरे के दौरान वह छत्तीसगढ़ विधानसभा में आयोजित विशेष ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ में शामिल होंगी। यह आयोजन प्रदेश की स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू विधायकों से चर्चा करेंगी और उन्हें लोकतंत्र में विधानसभा की भूमिका, विधायकों की जिम्मेदारी, राज्य की प्रगति और विकास से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन देंगी। इसके अलावा, वह विधायकों को सदन में कार्य करने को लेकर उपयोगी सुझाव भी देंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगी। इस विमान को वायुसेना के वरिष्ठ पायलट उड़ाते हैं। दिखने में साधारण लगने वाले इस विमान के अंदर अत्याधुनिक संचार प्रणालियाँ और राष्ट्रपति कार्यालय की सुविधाएँ उपलब्ध होती हैं। राष्ट्रपति के आगमन पर रायपुर एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियाँ की गई हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू के इस दौरे को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनके विचार और मार्गदर्शन प्रदेश के विधायकों के लिए प्रेरणादायक होंगे। साथ ही, राज्य की प्रगति और विकास को लेकर उनकी चर्चा छत्तीसगढ़ की भावी नीतियों को एक नई दिशा देने में सहायक सिद्ध हो सकती है।