धमतरी। CG NEWS : धमतरी जिले में पुलिस विभाग ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। थाना अर्जुनी और सायबर सेल तकनीकी शाखा को नए प्रभारी सौंपे गए हैं। अर्जुनी थाना की जिम्मेदारी अब निरीक्षक चंद्रकांत साहू को दी गई है, जबकि सायबर सेल तकनीकी का प्रभार प्रदीप सिंह को सौंपा गया है।
जानकारी के मुताबिक, जिले में निरीक्षक, उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षकों के स्तर पर कई अधिकारियों के कार्यस्थलों में बदलाव किया गया है। हाल ही में सायबर सेल प्रभारी को लाइन अटैच किया गया था, जिसके बाद अब प्रदीप सिंह को सहायक उपनिरीक्षक के रूप में यह जिम्मेदारी दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, जिले में निरीक्षकों की कमी के चलते कुछ जिम्मेदारियां सहायक उपनिरीक्षकों को दी जा रही हैं। हालांकि, प्रदीप सिंह पूर्व में सायबर क्राइम टीम का हिस्सा रह चुके हैं, ऐसे में उन्हें नए दायित्व निभाने में विशेष कठिनाई नहीं होगी। इससे विभाग को तकनीकी मामलों में निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलेगी और कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से पूरे किए जा सकेंगे।
नई जिम्मेदारियों की पूरी सूची जारी कर दी गई है और जल्द ही सभी अधिकारी अपने-अपने पदों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। पुलिस विभाग के इस निर्णय को जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।