जांजगीर-चांपा। CG NEWS : जांजगीर-चांपा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पिछले 8 महीनों से फरार चल रहे आरोपी सतीष सोनवानी उर्फ आर्यन को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में थाना जांजगीर पुलिस की टीम द्वारा की गई।
मामला मूल रूप से 10 सितंबर 2024 का है, जब प्रार्थी सतेंद्र पटनवार, निवासी कोरिया (हाल मुकाम दिल्ली), ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भांजे अमन कौशिक ने आरोपी अनुराग राठौर एवं उसके अन्य साथियों को कुल ₹1.60 करोड़ उधार दिए थे। जब अमन ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे धोखा देकर पैसे नहीं लौटाए, और लगातार प्रताड़ित करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाया। मानसिक रूप से परेशान होकर अमन ने विष सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया, और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना के आधार पर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 741/24 धारा 420, 306, 34 IPC के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोपियों अनुराग राठौर, अंशुल गुहा एवं ऋषि चौहान को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
इसी प्रकरण का एक और आरोपी, सतीष सोनवानी उर्फ आर्यन (उम्र 40 वर्ष), निवासी MP नगर निहारिका रामपुर, जिला कोरबा, जो घटना के बाद से फरार था, उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मुंबई में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना जांजगीर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मुंबई से हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांजगीर पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई की जिले भर में सराहना हो रही है।