रायपुर।CG NEWS :छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाली फिल्म ‘सुहाग’ की स्पेशल स्क्रीनिंग का आयोजन राजधानी में किया गया, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने मंत्रिमंडल के साथ शिरकत की। मुख्यमंत्री ने फिल्म को देखने के बाद अभिनेता और विधायक अनुज शर्मा के अभिनय की जमकर प्रशंसा की और फिल्म को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का जीवंत चित्रण बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “फिल्म ‘सुहाग’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक संबंधों की गरिमा और सामाजिक मूल्यों को सुंदर ढंग से दर्शाया गया है। विधायक अनुज शर्मा ने अपने किरदार को जिस सहजता और गहराई से निभाया है, वह उनकी अभिनय क्षमता और छत्तीसगढ़ से उनके जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने एक सच्चे छत्तीसगढ़िया होने का फर्ज़ इस फिल्म में निभाया है।”
इस विशेष अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रदेश के सांसदगण, विधायकगण, नवनियुक्त निगम मंडल अध्यक्षगण, तथा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
फिल्म ‘सुहाग’ 18 अप्रैल से पूरे छत्तीसगढ़ में 70 स्क्रीनों पर एक साथ प्रदर्शित हो रही है, जो अब तक की सबसे अधिक स्क्रीन पर रिलीज़ होने वाली छत्तीसगढ़ी फिल्म बन गई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा और उनकी पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई दिशा देने वाली इस फिल्म की भव्यता, भावनात्मक गहराई और सांस्कृतिक जुड़ाव ने सभी दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। अब देखना यह है कि जनता इस फिल्म को कितना प्यार देती है, लेकिन फिल्म के प्रति बढ़ती हुई उत्सुकता इसे एक बड़ी हिट बनने की ओर इशारा कर रही है।