नई दिल्ली। Anurag Kashyap : फिल्म ‘फुले’ को लेकर चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है, जिसमें बॉलीवुड फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप और केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे आमने-सामने आ गए हैं। कश्यप द्वारा ब्राह्मण समुदाय पर की गई एक विवादास्पद टिप्पणी के बाद मंत्री दुबे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। शुक्रवार को सतीश चंद्र दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कश्यप को आड़े हाथों लेते हुए लिखा, “यह नीच व्यक्ति अनुराग कश्यप सोचता है कि वह पूरे ब्राह्मण समुदाय पर गंदी बातें कहकर बच जाएगा? अगर उसने तुरंत सार्वजनिक माफी नहीं मांगी, तो मैं कसम खाता हूं कि उसे कहीं शांति नहीं मिलेगी। इस गंदे मुंह वाले के नफरत भरे बोल अब और बर्दाश्त नहीं। हम चुप नहीं रहेंगे!”
विवाद की शुरुआत तब हुई जब अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर ‘फुले’ फिल्म के ट्रेलर रिलीज के बाद ब्राह्मण समुदाय को लेकर एक आपत्तिजनक टिप्पणी की। यह फिल्म समाज सुधारक ज्योतिराव और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है, जिसके ट्रेलर को लेकर ब्राह्मण समुदाय के कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई थी। उनका आरोप है कि फिल्म में उनके समुदाय को गलत तरीके से चित्रित किया गया है। इसके जवाब में कश्यप ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा था, “अब ब्राह्मण को प्रॉब्लम है फुले से, भैया, जब कास्ट सिस्टम नहीं है तो काहे का ब्राह्मण?”
इस टिप्पणी के बाद मामला और गहरा गया। एक यूजर ने कश्यप को जवाब देते हुए लिखा, “ब्राह्मण तुम्हारे बाप हैं,” जिसके जवाब में कश्यप ने और विवादित टिप्पणी करते हुए कहा, “ब्राह्मण पे मैं मूतूंगा… कोई प्रॉब्लम?” इस बयान ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया, और ब्राह्मण समुदाय ने इसे अपमानजनक और नफरत भरा करार दिया।
विवाद बढ़ने के बाद अनुराग कश्यप ने शुक्रवार देर रात इंस्टाग्राम पर माफी मांगते हुए एक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “यह मेरी माफी है, मेरी पोस्ट के लिए नहीं, बल्कि उस एक लाइन के लिए जिसे संदर्भ से बाहर निकाल लिया गया और जो नफरत फैला रही है। कोई भी बयान मेरी बेटी, परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों को मिल रही रेप और मौत की धमकियों से बड़ा नहीं है।” कश्यप ने यह भी कहा कि वह अपने बयान पर कायम हैं, लेकिन परिवार की सुरक्षा के लिए माफी मांग रहे हैं। उन्होंने ब्राह्मण समुदाय से महिलाओं को निशाना न बनाने की अपील की।
इस बीच, कश्यप की टिप्पणी के खिलाफ दिल्ली और मुंबई में शिकायतें दर्ज की गई हैं। दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में उज्जवल गौड़ नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई, जबकि मुंबई में बॉम्बे हाईकोर्ट के वकील आशीष राय और पंकज मिश्रा ने पुलिस आयुक्त के समक्ष कश्यप के खिलाफ हेट स्पीच का आरोप लगाते हुए FIR की मांग की है।
केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे के बयान ने इस विवाद को और हवा दी है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स और संगठनों ने कश्यप की निंदा की है, जबकि कुछ ने उनके समर्थन में आवाज उठाई है। यह मामला अब कानूनी और सामाजिक दोनों मोर्चों पर चर्चा का विषय बन गया है।