CG NEWS : छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह प्रभारी जरीता लैथफलांग एक दिवसीय रायगढ़ प्रवास पर पहुंची।जहां उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।बैठक में उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।इस दौरान उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में सुशासन की नहीं बल्कि कुशासन की सरकार है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी जरीता लैथफलांग मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर रायगढ़ पहुंचीं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक ली संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में जरीता लैथफलांग ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि “वर्तमान समय में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर कार्यकर्ता को अपने बूथ का सेनापति बनकर कार्य करना होगा।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आधार कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही मजबूत होगा और इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ समिति का पुनर्गठन किया जाए और युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण कार्यकर्ताओं को संगठन में अधिक से अधिक जोड़ा जाए।जरीता लैथफलांग ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “राज्य में सुशासन की नहीं बल्कि कुशासन की सरकार चल रही है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, और भाजपा केवल झूठे वादों और प्रचार में व्यस्त है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को या तो बंद कर दिया है या उनका स्वरूप बिगाड़ दिया है।