रायगढ़।CG NEWS : भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसलिंग के बैनर तले जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के एमएलएन गेट पर आज जोरदार धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कंपनी प्रबंधन पर वादा खिलाफी का गंभीर आरोप लगाया है।
धरने पर बैठे मजदूरों का कहना है कि पिछले 20 वर्षों से कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों को बहानेबाजी कर, इंटरव्यू के नाम पर नौकरी से निकाला जा रहा है। इसके विरोध में मजदूरों ने गेट बंद कर विरोध जताया। इस प्रदर्शन में मजदूर यूनियन के साथ बड़ी संख्या में कंपनी के वर्तमान मजदूर भी शामिल हैं, जिससे गेट पर जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है।
जिंदल कंपनी के खिलाफ मजदूरों में भारी आक्रोश पनप रहा है। हालात को काबू में करने के लिए कंपनी के अधिकारी मजदूर नेताओं से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
इस धरना प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसलिंग के जिला अध्यक्ष पिंटू सिंह एवं खरसिया ब्लॉक अध्यक्ष राज किशोर सिंह कर रहे हैं। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
स्थिति पर प्रशासन भी नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।