दुर्ग। CG NEWS : चंदखुरी के भवानी राइस मिल में रविवार रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मिल के बारदाना गोदाम में लगी थी, जिसमें लाखों रुपए मूल्य का बारदाना जलकर खाक हो गया। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार दूर-दूर तक नजर आ रहा था।
मिल में आग लगते ही वहां मौजूद सुपरवाइजर ने तुरंत जिला अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां और 20 से अधिक जवान मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मिलकर मामले की जांच में जुटी हुई हैं। पुलगांव थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।