रायगढ़। CG NEWS : शनिवार शाम कांग्रेस यूथ इंटक द्वारा मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में श्रमिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) अनिल शुक्ला, (ग्रामीण) नागेन्द्र नेगी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत अतिथियों के माल्यार्पण और स्वागत से हुई।
कार्यक्रम में श्रमिकों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर चर्चा हुई। ट्रेड यूनियन संघ के संरक्षक कलिमुल्ला वारसी ने सरकार पर मजदूरों के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अमीरों के हित में काम कर रही है, जबकि गरीब मजदूर वर्ग को हाशिए पर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों से 8 घंटे का वेतन लेकर 12 घंटे काम करवाना खुला अन्याय है, जिसे इंटक कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार केवल धनाढ्य वर्ग के विकास की दिशा में काम कर रही है और गरीब वर्ग को और अधिक कमजोर कर रही है।
इंटक के अध्यक्ष शहनवाज खान ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि संगठन उनके हर संघर्ष में साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी मजदूर अन्याय या शोषण का शिकार होता है तो इंटक से निःसंकोच संपर्क करें।
कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों को सम्मानस्वरूप उपयोगी सामग्री वितरित की गई। महिलाओं को साड़ी, चप्पल और पानी की बोतलें दी गईं, वहीं पुरुष श्रमिकों को गमछा व पानी की बोतल प्रदान की गई।