रायपुर/बेंगलुरु। CG NEWS: कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की दुखद घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में कई लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, “चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ के दौरान कई लोगों की असामयिक मृत्यु एवं घायल होने का समाचार अत्यंत दु:खद है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
सीएम साय ने कर्नाटक सरकार से अपील की है कि इस दुखद घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव के सभी आवश्यक कदम शीघ्रता से उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।