रायगढ़। CG NEWS: जीवनरेखा कही जाने वाली केलो नदी इन दिनों अपनी स्वच्छता और निर्मलता को लेकर चर्चा में है। वर्षों से उपेक्षा और गंदगी की मार झेल रही इस नदी की सफाई से अब तटवर्ती रहवासियों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। रायगढ़ विधायक और राज्य के वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी की पहल और नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के नेतृत्व में चलाए जा रहे सफाई अभियान ने केलो नदी को एक नई पहचान दी है।
जहां पहले केलो सफाई के नाम पर केवल दिखावा और फोटो खिंचवाने की रस्म अदायगी होती थी, वहीं अब जमीनी स्तर पर ठोस कार्य हो रहे हैं। शहरी क्षेत्र में नदी के दोनों किनारों से गंदगी हटाई जा रही है। विशेषकर रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे लंबे समय से जमा कचरे को हटाकर नदी में स्वच्छ जल प्रवाहित करने की दिशा में अहम कदम उठाए गए हैं। इससे आसपास के बस्तियों में न केवल दुर्गंध से राहत मिली है,
बल्कि लोगों को स्वच्छ वातावरण भी मिला है। नगर निगम की ओर से नालों की नियमित सफाई और मानसून से पूर्व नदी की सफाई कार्य को गंभीरता से लिया गया है। इससे न सिर्फ बाढ़ की आशंका कम होगी, बल्कि जलभराव जैसी समस्याएं भी नियंत्रित होंगी। स्थानीय निवासी इस परिवर्तन से काफी संतुष्ट हैं और खुले मन से रायगढ़ विधायक ओ. पी. चौधरी और नगर निगम प्रशासन की सराहना कर रहे हैं।
यह पहल केवल नदी की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी और प्रशासनिक इच्छाशक्ति का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है। स्वच्छ और सुंदर केलो नदी रायगढ़ की पहचान बने, इसी उम्मीद के साथ शहरवासी इस कार्य को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।