राजिम – राजिम विश्राम गृह में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। राजिम विधायक रोहित साहू और भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस का पूरा संगठन भूपेश बघेल के पुत्र मोह में जकड़ा हुआ है। जिस व्यक्ति का पार्टी में कोई पद नहीं, उसके लिए पूरी कांग्रेस सड़कों पर उतर रही है। विधायक रोहित साहू ने कांग्रेस से सवाल किया कि चैतन्य बघेल कांग्रेस में किस पद पर हैं? जो पूरे प्रदेश में कांग्रेस उनके लिए प्रदर्शन कर रही है। बेवजह भूपेश बघेल ने पूरी पार्टी को पुत्र मोह में झोंक दिया है।
विधायक साहू ने कहा कि इतिहास गवाह है कि पुत्र मोह में बड़े-बड़े साम्राज्य तबाह हो चुके हैं। भूपेश बघेल भी उसी राह पर हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे नेताओं को बचाने के लिए कांग्रेस प्रदेश की जनता को परेशान कर रही है। उनका आर्थिक नुकसान कर रही है।
प्रेस कांफ्रेंस में विधायक ने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार ने कोल ब्लॉक आबंटन और पेड़ों की कटाई को लेकर गलत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल खुद झूठ की फैक्ट्री चला रहे हैं। मालूम हो कि भूपेश बघेल सरकार ने कोयला खदानों के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति की सिफारिशें खुद भेजीं। कांग्रेस शासनकाल में ही तारा, परसा ईस्ट और कांटे-बेसन जैसे खदानों को खोलने के प्रस्ताव केंद्र को भेजे गए। राजस्थान सरकार के अनुरोध पर भूपेश बघेल ने ही छत्तीसगढ़ में अडानी को खदानों का संचालन सौंपा गया। 2019 से 2023 के बीच भूपेश सरकार ने ही वन स्वीकृतियां दीं और मांड-रायगढ़ कोलफील्ड के लिए एमओयू किया गया। यही भूपेश बघेल ने जनता के विरोध करने पर कहा था बिजली का उपयोग बंद करें। अब खुद राजनीति कर रहे है।
कांफ्रेस में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की सीनाजोरी पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार चोरी और सीनाजोरी का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। जिन घोटालों पर आज कार्रवाई हो रही है, वे सब भूपेश सरकार के कार्यकाल में हुए। चाहे शराब घोटाला हो, कोयला घोटाला हो, चावल घोटाला हो, गोठान हो, घोटाला या पीएससी घोटाला। ये कांग्रेस की कुकरनी है। इन सबमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी हो रही है और कांग्रेस बौखलाहट में छटपटा रही है।
इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू, जिला संयोजक आईटी सेल सागर मयाणी भी उपस्थित रहे।।