दुर्ग.सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पाटन, उतई और धमधा में सी-सेक्शन के आरंभ होने से प्रसूता महिलाओं को काफी सुविधा मिल रही है। कोरोना के संक्रमण की आशंका को देखते हुए पाटन में कुछ समय के लिए सी-सेक्शन रोका गया था जिसे पुनः आरंभ कर दिया गया है। बुधवार को ही पाटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सी-सेक्शन के माध्यम से नवजात शिशु का जन्म हुआ। धमधा केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ आने से प्रसूता महिलाओं को काफी सुविधा हो गई है। मंगलवार को यहाँ सी-सेक्शन के माध्यम से नवजात शिशु का जन्म हुआ। धमधा केंद्र में आपरेशन स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. दिशा ठाकुर एवं निश्चेतना विशेषज्ञ डाॅ. शीतल यादव ने किया। खंड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. डीपी ठाकुर ने बताया कि धमधा सामुदायिक केंद्र में मंगलवार को सीजेरियन आपरेशन हुआ। जज्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। स्त्री रोग विशेषज्ञ होने से यहाँ इस तरह के आपरेशन में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। उतई केंद्र में भी 4 फरवरी से अब तक 2 सीजेरियन आपरेशन किये जा चुके हैं। यह आपरेशन डाॅ. शुभ लक्ष्मी चौधरी ने किये हैं। पाटन केंद्र में कोरोना काल में कुछ समय के लिए एहतियातन सी-सेक्शन रोकने के बाद अब पुनः आरंभ हो गये हैं और अब तक 7 सीजेरियन आपरेशन हो चुके हैं। बुधवार को डाॅ. कृष्ण कुमार डहरिया स्त्री रोग विशेषज्ञ तथा निश्चेतना विशेषज्ञ डाॅ. अजय ठाकुर ने सी-सेक्शन किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए पाटन बीएमओ डाॅ. आशीष शर्मा ने बताया कि सी-सेक्शन के साथ ही इस केंद्र में बच्चेदानी से संबंधित सर्जरी तथा सिस्ट से संबंधित आपरेशन भी किये जा रहे हैं। आब्जर्वेशन की अच्छी सुविधा केंद्र में है। मल्टी पैरा मानिटर के माध्यम से मरीज के स्वास्थ्य पर लगातार बारीक नजर रखी जाती है। जहाँ ब्लड की जरूरत होती है वहाँ पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया जाता है। अब तक 16 ऐसे मामलों में ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया जा चुका है। केंद्र में ब्लड स्टोरेज यूनिट को स्वीकृति मिल गई है। लायसेंस मिलते ही इस पर कार्य आरंभ हो जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को बेहतर करने का कार्य निरंतर जारी है। इसमें अधोसंरचना में एवं मानव संसाधन के मामलों में डीएमएफ की मदद ली जा रही है। इससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हुई हैं। पाटन, उतई तथा धमधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सीजेरियन होने से प्रसूता महिलाओं को काफी आसानी हो रही है।
मोतियाबिंद आपरेशन भी आरंभ- कोरोना महामारी के कारण मोतियाबिंद आपरेशन स्थगित किये गए थे। अब इन्हें जनवरी से पुनः आरंभ कर दिया है। जिला चिकित्सालय में सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को तथा सिविल अस्पताल सुपेलना में गुरुवार को आपरेशन किये जा रहे हैं। जिला चिकित्सालय दुर्ग में अब तक 111 तथा सुपेला में अब तक 12 आपरेशन किये जा चुके हैं।