सप्ताहभर के भीतर होगा छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन का चुनाव, मुख्यमंत्री को अध्यक्ष बनाए जाने प्रस्ताव पारित
रायपुर । छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सुबह ग्रांड इम्पिरिया, वीआईपी रोड में आयोजित की गई। इस बैठक में एडहाॅक कमेटी के सदस्यों में विभिन्न विषयों पर चर्चा की। एडहाॅक कमेटी के सदस्य एवं टेनिस संघ के सचिव श्री गुरूचरण सिंह होरा ने बताया कि सप्ताहभर के भीतर एसोसिएशन का चुनाव सम्पन्न कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बैठक में सर्वसम्मति यह प्रस्ताव पारित किया गया है कि छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन का अध्यक्ष पद स्वीकार करने हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आग्रह किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आज की बैठक में इन विषयों पर गंभीरता से चर्चा हुई-
1. राष्ट्रीय खेल गोवा 2020 में भाग लेने हेतु पात्रता हेतु राज्य के खेल संघों की तैयारियां।
2. वर्ष 2019-2020 में होने वाली विभिन्न खेलों की वरिष्ठ राष्ट्रीय पुरूष एवं महिला चैम्पियनशिप में पदक प्राप्ति।
3. राज्य सरकार द्वारा राज्य के सभी खेलों को दिये जाने वाले अनुदान/आर्थिक सहायता
4. छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के सदस्यों (ओलम्पिक खेल संघ) जो कि भारतीय ओलम्पिक संघ से मान्यता प्राप्त है, मतदाता सूची में शामिल किए जाने का अनुमोदन
5. छत्तीसगढ ओलम्पिक एसोसिएशन के राज्य के सभी खेल संघों (नाॅन ओलम्पिक) जो कि भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय से मान्यता प्राप्त हैं, उन्हें मान्यता प्रदान किया जाए।
6. छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के चुनाव के संबंध में।
7. सभा के अध्यक्ष की अनुमति से अन्य कार्यसूची पर।
छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन की इस महत्वपूर्ण बैठक में बशीर अहमद खान, संयोजक एवं सदस्यगणों में गुरूचरण सिंह होरा, ठाकुर अजय सिंह, राजेन्द्र प्रसाद, जी.एस. बाम्बरा, डाॅ. ए. फरिश्ता, शरद शुक्ला, कैलाश मुरारका, आर.के. श्रीवास्तव एवं विजय अग्रवाल उपस्थित रहे।