शादी का लड्डू भला कौन नहीं खाना चाहता, उसके बाद भले ही पछताना पड़ जाए, इसकी परवाह शादी से पहले नहीं होती। असल खेल तो बाद में होता है, जब बात ठगे जाने के अहसास की होती है, तो फिर सिवाय सिर धुनने के अलावा और कुछ और नहीं रह जाता।
ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें दुल्हन ने एक नहीं बल्कि दो पतियों को ठग लिया और तीसरे के साथ विदेश भाग निकली।
दरअसल हैरान करने वाला यह मामला झारखंड के चतरा से आया है। बताया गया कि आरोपी प्रियंका नाम की महिला इटखोरी की रहने वाली है। उसने शादी डॉट कॉम के जरिए एक नहीं बल्कि तीन युवकों को अपना शिकार बनाया है। आरोप है कि महिला ने अपने पहले पति से 1 करोड़ ठगने के बाद गुजरात के एक युवक को 45 लाख का चूना लगाया। इसके बाद पुणे के एक युवक से शादी कर कैलिफोर्निया चली गई।
वहीं इस मामले का खुलासा तब हुआ जब तीसरे पति की मां ने प्रियंका के मोबाइल पर अमित का कॉल देखा। सुमित की मां ने अमित के साथ प्रियंका की फोटो देखी। जब सुमित की मां ने अमित को फोन कर प्रियंका के बारे में जानकारी ली तो सच्चाई सामने आई।
जानकारी के अनुसार प्रियंका ने सबसे पहले शादी डॉट कॉम से गिरिडीह के निलय कुमार नाम के युवक से शादी रचाई। दो साल साथ रहने के बाद दोनों में अनबन हो गई। इस बीच प्रियंका निलय से 1 करोड़ रुपए ठग कर फरार हो गई।
इसके बाद प्रियंका ने खुद को अविवाहित बताकर राजकोट के अमित मोदी नाम के युवक के साथ शादी की। इस बीच प्रियंका ने युवक से 40 से 45 लाख रुपए ठग लिया और उसे चूना लगाकर वह गायब हो गई। वहीं बाद में अमित को पता चला कि प्रियंका पुणे के सुमित दशरथ पवार नाम के युवक से शादी कर कैलिफोर्निया चली गई।
पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुणे पुलिस से की है। पुलिस ने बताया कि मामले में चतरा पुलिस से जांच करने को कहा है। वहीं अब प्रियंका की तलाशी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि गलत पासपोर्ट देकर वह विदेश भागी है।