हरियाणा के रोहतक में प्यार करना घर-परिवार और सामाजिक नजरिए से किसी संगीन अपराध से कम नहीं है। यहां पर प्यार भी बराबरी और बिरादरी वालों के बीच ही होना सही माना जाता है, अन्यथा प्यार करने वालों को मौत के घाट उतार दिया जाता है, तो यहां पर प्यार किया तो… डरना जरूरी है। प्यार की वजह से जान गंवाने का ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां पर महज ’झूठी शान’ की खातिर युवक-युवती को मौत के घाट उतार दिया गया।

यहां एक लड़की के ताऊ ने अपनी ही सगी भतीजी और उसके प्रेमी को गोली मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। रोहतक निवासी लड़का और लड़की शादी करना चाहते थे लेकिन दोनों के परिवार शादी के विरोध में थे। बाद में लड़के के घरवाले तैयार हो गए लेकिन लड़की के परिजन शादी के लिए नहीं माने। बुधवार को दोनों को कोर्ट में शादी रजिस्टर करने के बहाने से बुलाया गया, जहां लड़की के ताऊ ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी।

मिली जानकारी के अनुसार, लड़की के पिता की मौत हो चुकी है और वह अपने ताऊ के साथ रहती थी। डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि पुलिस को गोलियां चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को लड़की का शव गाड़ी के अंदर मिला था। लड़के के बारे में जानकारी मिली कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।