Bollywood से आज एक बुरी खबर सामने आई है। फिल्म राम तेरी गंगा मैली से लोकप्रियता हासिल करने वाले अभिनेता राजीव कपूर का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। उन्हें चिंपू के नाम से भी जाना जाता था। पिछले साल जनवरी में बड़ी बहन रितु नंदा और अप्रैल में कैंसर की वजह से उनके बड़े भाई ऋषि कपूर का निधन हो गया था। मशहूर कपूर खानदान की तीसरी पीढ़ी के राजीव कपूर अब नहीं रहे। उनकी इमेज रोमांटिक हीरो की थी लेकिन उनका जीवन इससे अलग रहा। 39 की उम्र में राजीव कपूर शादी के बंधन में बंधे थे। साल 2001 में उन्होंने आर्किटेक आरती सबरवाल से शादी की थी।

हालांकि दोनों की शादी ज्यादा लम्बे वक्त तक नहीं चल पाई। साल 2003 में उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद राजीव अकेले ही रहते थे। उन्होंने इसके बाद कभी दोबारा शादी नहीं की। राज कपूर के तीसरे बेटे राजीव कपूर एक्टर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर थे। उन्होंने सन् 1983 में फिल्म ‘एक जान हैं हम’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके बाद फिल्म आसमान (1984), जबरदस्त (1985), हम तो चले परदेस (1988) और लवर बॉय (1985) में भी उन्होंने काम किया था। किंतु वे अपने अन्य भाईयों की तरह ज्यादा प्रसिद्धि हासिल नहीं कर पाए। उन्होंने अपने 10 साल के फिल्मी करियर में 13 फिल्मों में काम किया। लेकिन उन सभी फिल्मों में से केवल एक ही फिल्म हिट रही। इसी कारण की वजह से एक्टिंग के बाद राजीव कपूर ने अपनी किस्मत आजमाने के लिए फिल्म ‘अब लौट चलें’ से बतौर प्रोड्यूर्स डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने प्रेमग्रंथ (1996) और हीना (1991) जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया। इतना ही नहीं उन्होंने फिल्म प्रेमग्रंथ को डायरेक्ट भी किया था।

अंतिम दर्शन के लिए शाह रुख खान, आशुतोष गोवारिकर, सोनाली बेंद्रे, अनु मलिक पहुंचे

राजीव के निधन की खबर उनकी भाभी नीतू कपूर ने इंस्टाग्राम पर साझा की। उनकी भतीजी करीना कपूर खान ने अपने दादा राज कपूर के साथ उनके तीनों बेटों रणधीर कपूर, ऋषि कपूर और राजीव कपूर के साथ ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “ब्रोकन बट स्ट्रांग।” कोरोना काल में राजीव अपने बड़े भाई रणधीर कपूर के साथ चेंबूर स्थित घर में रह रहे थे। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल से उनके शव को घर लाया गया। उनके अंतिम दर्शन करने के लिए शाह रुख खान, आशुतोष गोवारिकर, सोनाली बेंद्रे, अनु मलिक समेत कई हस्तियां उनके घर पहुंची। राजीव कपूर ने अपने पिता राज कपूर को फिल्म प्रेम रोग में असिस्ट किया था।