रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रात नियमित विमान से दिल्ली के लिए रवाना होने वाले हैं। रात्रि विश्राम छत्तीसगढ़ सदन में करेंगे, इसके बाद शुक्रवार को कांग्रेसाध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में शामिल होंगे। यह विशेष बैठक उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आहूत की गई है। सीएम बघेल यूपी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्य पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इस बैठक में उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति तय होगी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उत्तर प्रदेश चुनाव में पार्टी का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ऐसे में उनके पास संगठन और पार्टी की चुनावी मशीनरी से समन्वय की बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले एक महीने में चार बार उत्तर प्रदेश जा चुके हैं। लखीमपुर खीरी हत्याकांड के बाद उत्तर प्रदेश में काफी आक्रामक रूप से सक्रिय हुई कांग्रेस ने एक माहौल बना दिया है। पिछले दिनों विभिन्न क्षेत्रों से निकली प्रतिज्ञा यात्राओं के जरिए कांग्रेस ने शुरुआती चुनावी घोषणाओं को लोगों के बीच पहुंचाने की कोशिश की है।
पार्टी के रणनीतिकारों को लगता है, अब उनके पास संगठन का ढांचा और मुद्दे तैयार हैं। ऐसे में शुक्रवार को प्रस्तावित बैठक में पार्टी उस रणनीति को अंतिम रूप देगी, जिसके तहत उसे चुनाव अभियान का संचालन करना है। इस बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पीएल पुनिया, सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।