भिलाई। जिले में दर्दनाक सड़क हादसे (accident) की खबर सामने आ रही है, यहाँ हाइवा की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है। वहीं दूसरी महिला घायल हो गई। दोनों महिलाएं पैदल चल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गईं। मामला भिलाई के उतई थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक उतई निवासी चित्ररेखा यादव और सुरुज बाई यादव उतई के गायत्री मंदिर गोठान के पास से होते हुई पैदल जा रही थी। उसी समय तेज रफ्तार हाइवा चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। पिछले चक्के के नीचे दबने से चित्ररेखा यादव का पैर बुरी तरह से कुचल गया। वहीं सुरुज यादव को भी चोट लगी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां चित्ररेखा यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर के आंबेडकर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।