
रायपुर। राजधानी में आयोजित धर्म संसद के दौरान महात्मा गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कालीचरण महाराज को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीन दिनों पहले राजधानी में एक धर्म समागम आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से धर्मगुरुओं और संतों को आमंत्रित किया गया था। इसमें शिव तांडव गाकर प्रसिद्ध हुए कालीचरण महाराज भी शामिल थे।
धर्म संसद के दौरान कालीचरण महाराज ने महात्मा गांधी को लेकर उन शब्दावलियों का इस्तेमाल किया, जिससे कांग्रेस नेताओं का आक्रोश भड़क उठा। दरअसल, कालीचरण महाराज ने धर्म संसद में महात्मा गांधी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर दिया था। यह बात कांग्रेस नेताओं को हजम नहीं हुई और धर्म संसद ने बड़े विवाद का रूप धर दिया।
Read More : Big Breaking : कालीचरण महाराज गिरफ्तार, आज शाम तक लाए जाएंगे रायपुर
सबसे पहले महंत रामसुंदर दास ने आपत्ति व्यक्त की, और वे सभा छोड़कर चले गए, जिसके बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में कालीचरण महाराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मामले में कड़ी आपत्ति दर्ज की और एफआईआर पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश पुलिस को दे दिया।
सीएम बघेल के निर्देश पर राजधानी पुलिस ने दिल्ली, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में कालीचरण महाराज को गिरफ्तार करने टीमें भेजी। आखिरकार मध्यप्रदेश के खजुराहो में कालीचरण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आज उन्हें रायपुर लाया जाएगा।