भाजपा के हाथ आया एक और निकाय, जीत के करीब थी कांग्रेस

भाजपा के हाथ आया एक और निकाय, जीत के करीब थी कांग्रेस

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ में हाल ही में नगरीय निकाय आम चुनाव फेस 2 संपन्न हुआ है। जिसमें कांग्रेस ने भाजपा को जोरदार तरीके से धूल चटाई है। कुल 15 निकायों में संपन्न हुए निर्वाचन में 4 नगर निगम शामिल थे। इन सभी में कांग्रेस ने सत्ता हासिल कर ली। इसी तरह 6 के 6 नगर पंचायतों में भी कांग्रेस का कब्जा हो गया। नगर पालिका निर्वाचन में एकमात्र जामुल नगर पालिका में भाजपा ने जीत हासिल की थी।

कुल 5 नगर पालिकाओं में निर्वाचन संपन्न कराया गया था, जिसमें 3 में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के आधार पर काबिज हो गई, तो एक में भाजपा को जीत मिली। वहीं बैकुंठपुर नगर पालिका में कांग्रेस बहुमत से केवल 1 सीट पीछे थे, जिसे लगभग जीत माना जा रहा था। पर बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद में उस वक्त बड़ा उलटफेर हो गया, जब भाजपा के पक्ष में कांग्रेस के विजयी प्रत्याशी की तरफ से क्रॉस वोटिंग हो गई और भाजपा प्रत्याशी नवीता शिवहरे अध्यक्ष निर्वाचित हो गईं।

दरअसल, बैकुंठपुर नगर पालिका में 20 सीटों के लिए 20 दिसंबर को हुई मतगणना में 10 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थीं। जबकि भाजपा ने 7 और 3 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया था। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में सीटों की जीत के आधार पर कांग्रेस का पलड़ा भारी नजर आ रहा था, लेकिन इस बीच बड़ा उलटफेर हो गया और भाजपा की प्रत्याशी ने अध्यक्ष के पद पर अपना कब्ज़ा जमा लिया।