कोरबा। जिले में पति-पत्नी की लाश एक ही फंदे पर लटकी हुई मिली है। दोनों काम करके बिलासपुर (Bilaspur ) से लौटे थे। इसके बाद दोनों के शव बरामद किए गए हैं। बताया गया है कि युवती अपने पति को छोड़कर देवर से शादी कर ली थी। मामला कोरबी चौकी क्षेत्र (Korbi Chowki area) का है।
करिश्मा धनवार (24) की शादी मिसिया गांव में एक शख्स के साथ हुई थी। इसके बाद करीब 2 साल पहले उसने पति को छोड़ दिया और चाचा ससुर के लड़के संतराम धनवार(20) से शादी कर ली थी। शादी के बाद से ही दोनों मजदूरी करने का काम करते थे। काम के सिलसिले में दोनों बिलासपुर में रह रहे थे।
पता चला है कि दोनों बिलासपुर से रविवार शाम को ही लौटे थे। जिसके बाद रात को इनका कुछ पता ही नहीं चला। गांव के लोग जब नदी किनारे की तरफ रात को गए थे, तब उन्होंने एक ही फंदे पर दोनों को लटके हुए देखा। संभवना है कि दोनों ने वहां से लौटकर नदी किनारे फंदा लगाकर जान दे दी है। इधर, लोगों ने ही परिजनों को इस बात की सूचना दी थी। फिर पुलिस को भी इस बात की खबर दी गई। खबर मिलने के बाद अगले दिन सोमवार को पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया गया है।
बच्चा नहीं होने से की देवर से शादी
गांव के लोगों का कहना है कि करिश्मा ने संतान सुख नहीं मिलने के चलते पति को छोड़ दिया था और अपने देवर से शादी कर ली थी। मगर देवर से शादी के बाद भी उसे कोई बच्चा नहीं हुआ। इस वजह से वह परेशान थी। आशंका है कि उसने इसी के चलते ये कदम उठाया होगा। फिलहाल शव को बरामद कर पीएम के लिए भेजा गया है। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ करेगी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृषटयता में ये मामला आत्महत्या का लगा रहा है। मगर पीएम रिपोर्ट के बाद मौत का राज खुल सकेगा।