रायपुर। budget session : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में राष्ट्रीय औसत से अधिक तेजी से वृद्धि हो रही है।
वित्त मंत्री के अनुसार, राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 2023-24 में 3,06,712 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 3,29,752 करोड़ रुपये होने की संभावना है। यह गत वर्ष की तुलना में 7.51 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। इस वृद्धि में कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्रों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वित्त मंत्री ने बताया कि प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़ में प्रति व्यक्ति आय 9.37 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह वृद्धि दर 8.66 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक सशक्त हो रही है।
राज्य की पूंजीगत आय में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे प्रदेश में आर्थिक सुदृढ़ता का संकेत मिलता है। सरकार के अनुसार, राज्य की आर्थिक प्रगति से नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में भी सुधार होगा और प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार आर्थिक विकास को और अधिक गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश में व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसरों में और अधिक वृद्धि होगी।
budget session : छत्तीसगढ़ का आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25, राज्य की अर्थव्यवस्था में उत्साहजनक वृद्धि